☰
Jharkhand

रिटायर्ड प्रोफेसर के घर नाबालिग की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित डंगराटोली में शुक्रवार को एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह डोरंडा कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एनपी लकड़ा के घर में घरेलू काम करती थी और वहीं रहती भी थी. मृतका मूल रूप से लातेहार जिले की रहने वाली थी. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, नाबालिग प्रोफेसर के आवास के दूसरे तल्ले पर बने एक कमरे में रहती थी. शुक्रवार को काफी देर तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो घर के लोगों को संदेह हुआ. इसके बाद कमरे में जाकर देखा गया तो उसका शव फंदे से लटका मिला. यह देखते ही घर में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में इसकी सूचना लोअर बाजार थाना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी जांच-पड़ताल की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया. पुलिस घर के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है. मामले को लेकर रांची के सिटी डीएसपी केवी रमन ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नाबालिग की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है.