रांची (RANCHI): झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है. नामांकन के आखिरी दिन सभी प्रमुख उम्मीदवार झारखंड विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बैजनाथ राम, कांग्रेस की ओर से प्रणव झा और निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी चुनावी मैदान में हैं. तीनों उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं.
नामांकन प्रक्रिया के दौरान विधानसभा पहुंचे नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी का समर्थन करेगी. उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि नाथवानी जीत दर्ज कर एक बार फिर राज्यसभा पहुंचेंगे. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जो व्यक्ति राष्ट्रहित की सोच रखता है और भाजपा की विचारधारा को मजबूत करने में सहयोग करता है, पार्टी हमेशा उसके साथ खड़ी रहती है.
वहीं, राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन भी पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहा है. मंत्री इरफान अंसारी ने दावा किया कि झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटों पर INDIA गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत तय है. उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं और किसी भी तरह की राजनीतिक खरीद-फरोख्त या हॉर्स ट्रेडिंग की संभावना नहीं है.
इरफान अंसारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग हॉर्स ट्रेडिंग के जरिए चुनावी समीकरण बदलने का सपना देख रहे हैं, उन्हें निराशा ही हाथ लगेगी. उन्होंने कहा कि गठबंधन के उम्मीदवार मजबूत स्थिति में हैं और दोनों सीटों पर जीत हासिल करेंगे. अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी की निगाहें राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर टिकी हैं, जहां सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं.
रिपोर्ट : समीर हुसैन
