Jharkhand

CUJ में छात्रों ने खत्म की अनिश्चितकालीन हड़ताल, कुलपति के साथ आज होगी अहम बैठक

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड यानी CUJ में मेस की व्यवस्था, खाने की गुणवत्ता और बढ़ी हुई फीस को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन फिलहाल समाप्त हो गया है. विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ देर रात हुई बातचीत के बाद छात्रों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया. इसके साथ ही भूख हड़ताल पर बैठे दो छात्रों ने भी अपना अनशन समाप्त कर दिया.

देर रात प्रशासन और छात्रों के बीच हुई बातचीत

छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे. मामला बढ़ने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों और छात्र प्रतिनिधियों के बीच देर रात बातचीत हुई. करीब रात 2 बजे तक चली वार्ता में छात्रों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांगों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया. अधिकारियों ने कहा कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए उचित फैसला लेने का प्रयास किया जाएगा. इस आश्वासन के बाद छात्रों ने आंदोलन खत्म कर दिया.

भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों ने भी खत्म किया अनशन

अपनी मांगों को लेकर दो विद्यार्थी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे. प्रशासन के साथ बातचीत और समाधान का भरोसा मिलने के बाद दोनों छात्रों ने भी अपना अनशन समाप्त कर दिया. फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है.

आज शाम 5 बजे कुलपति से होगी वार्ता

छात्रों की मांगों को लेकर बातचीत अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है. आज शाम 5 बजे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल और विश्वविद्यालय के कुलपति के बीच महत्वपूर्ण बैठक होनी है. बैठक में मुख्य रूप से मेस की व्यवस्था, छात्रों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और बढ़े हुए शुल्क से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. छात्र अपनी मांगों को सीधे कुलपति के सामने रखेंगे.

छात्रों का कहना है कि वे अपनी समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए चाहते हैं. फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन रोक दिया गया है. अब सभी की नजर कुलपति और छात्रों के बीच होने वाली बैठक और उसमें लिए जाने वाले फैसलों पर रहेगी.