रांची (RANCHI): झारखंड में भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्रों की ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ लगातार जारी है. राज्य के युवाओं के बीच नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है. यात्रा अब तक राज्य के करीब आधे भौगोलिक क्षेत्र का दौरा कर चुकी है. बुधवार को यात्रा पंच परगना क्षेत्र पहुंची, जहां छात्रों और आम लोगों से संपर्क कर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर जागरूक किया गया.
यात्रा के 11वें दिन सिल्ली के झारखंड मोड़ स्थित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अभियान की शुरुआत हुई. इसके बाद टीम ने बुंडू मोड़, बंता चौक, पतराहातु, सोनाहातू बाजारटांड़, जमुदाग और जाडैया चौक समेत कई इलाकों का भ्रमण किया. इस दौरान स्थानीय लोगों और युवाओं से बातचीत कर नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की गई.
यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि पंच परगना क्षेत्र में अभियान को छात्रों और आम लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर लगातार उठ रहे सवाल सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं. सरकार को युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना चाहिए.
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि पूरे राज्य में युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है. जब तक भर्ती व्यवस्था में ठोस सुधार और भरोसेमंद नियुक्ति प्रक्रिया लागू नहीं होती, तब तक छात्रों की आवाज मजबूती से उठाई जाती रहेगी.
अभियान में के.सी. मेहता, कृष्णा महतो, जाकिर खान, वीरेंद्र महतो, कुलदीप महतो, मदन महतो, राधिका कुमारी, अनूप महतो, अनिता कुमारी और राजेश प्रसाद समेत बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे. गुरुवार को भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा कोल्हान क्षेत्र में प्रवेश करेगी.
