☰
Jharkhand

रांची में SIR की सख्ती! 6.44 लाख मतदाताओं को नोटिस, सत्यापन में भारी परेशानी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR को लेकर लगातार अभियान जारी है. इस बीच रांची में कुल 21,42,991 मतदाताओं में से 6,44,071 को नोटिस जारी किया गया है. इनमें 2,08,801 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, जबकि 4,35,270 के दस्तावेज या विवरण में गड़बड़ी मिली है. नोटिस जारी होने के बाद अंचल कार्यालयों में मतदाताओं की भीड़ बढ़ गई है. कई मामलों में बीएलओ द्वारा सही जानकारी नहीं दिए जाने से लोग अधूरे दस्तावेज लेकर पहुंच रहे हैं. एक नोटिस की प्रक्रिया पूरी करने में तीन से चार घंटे तक लग रहे हैं. डीजी लॉकर को ECI से लिंक कर दस्तावेज सत्यापन में भी परेशानी आ रही है.

इधर, SIR के दौरान बच्चों की जन्मतिथि में नौ महीने से कम अंतर वाले मामले भी सामने आए हैं. अधिकारियों के अनुसार, कुछ मामलों में बच्चों की उम्र कम दिखाकर जन्म प्रमाण पत्र बनवाए गए हैं. ऐसे मामलों में शपथ पत्र लेकर मैपिंग की जा रही है. मतदाता ECI Net पर भी अपने नोटिस की स्थिति देख सकते हैं. इसके लिए लॉगिन कर ‘Certificate Document Against Notice Issued’ विकल्प चुनना होगा. इसके बाद EPIC नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP के जरिए जानकारी हासिल की जा सकती है. प्रशासन ने यह भी माना है कि शहरी क्षेत्र के कुछ BLO का काम संतोषजनक नहीं है. नोटिस की जानकारी नहीं देने या फॉर्म अधूरा भरने वाले BLO को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी.

ग्रामीण इलाकों में भी SIR को लेकर मतदाताओं की परेशानी सामने आ रही है. खलारी के 69 बूथों पर रोजाना 300 से 400 लोग दस्तावेज लेकर पहुंच रहे हैं. अनगड़ा में BLO के घर-घर नहीं पहुंचने से लोगों में भ्रम की स्थिति है और प्रज्ञा केंद्रों पर भीड़ बढ़ रही है. सोनाहातू में रोजाना 150 से 200 नोटिस का समाधान किया जा रहा है, जहां मैट्रिक सर्टिफिकेट, जाति, स्थानीय प्रमाण पत्र और खतियान को लेकर अड़चन आ रही है. मांडर में भी 200 से 300 लोग नोटिस लेकर पहुंच रहे हैं. नाम, जन्म तिथि और वोटर लिस्ट में वर्तनी की गड़बड़ी के कारण कई लोगों को नोटिस मिला है.