☰
Jharkhand

ओमान में फंसी लोहरदगा की सुषमा टोप्पो 8 महीने बाद लौटीं झारखंड, प्रवासी नियंत्रण कक्ष की पहल से हुई सुरक्षित वापसी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): अक्सर कई लोगों को अच्छे भविष्य और अच्छे रोजगार के लिए घर से दूर जाना पड़ता है. वो देश का कोई कोना हो या फिर देश से बाहर विदेश. ऐसे में झारखंड से ऐसी खबर सामने आ रही है जहां रोजगार की तलाश में विदेश गई झारखंड की एक और महिला श्रमिक को मुश्किलों का सामना करना पड़ा. हालांकि, राज्य सरकार और भारतीय दूतावास की पहल से आखिरकार उनकी सुरक्षित वतन वापसी हो गई. दरअसल, लोहरदगा जिले की रहने वाली करीब 29 वर्षीय सुषमा टोप्पो 14 नवंबर 2026 को ओमान से सकुशल झारखंड लौट आईं. वह करीब आठ महीने पहले घरेलू कामगार के रूप में ओमान गई थीं. वहां उन्हें कथित तौर पर दुर्व्यवहार और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था. इसके बाद वह भारत लौटना चाहती थीं, लेकिन पासपोर्ट और अन्य प्रक्रियाओं के कारण उनकी वापसी मुश्किल हो गई थी.

एजेंट के जरिए ओमान गई थीं सुषमा

मिली जानकारी के अनुसार, सुषमा टोप्पो 17 मार्च 2026 को एक एजेंट के माध्यम से घरेलू कामगार के रूप में ओमान गई थीं. वहां एक नियोक्ता के घर पर काम के दौरान उन्हें कथित रूप से दुर्व्यवहार झेलना पड़ा. इसके बाद उन्होंने वहां से निकलने का फैसला किया. इस बीच उनकी स्वदेश वापसी का रास्ता भी आसान नहीं रहा. परिवार का आरोप है कि मस्कट के मुतराह इलाके में एक ओमानी व्यक्ति या परिवार ने पासपोर्ट दिलाने और भारत भेजने का भरोसा दिया था. इसके बदले सुषमा से करीब 300 ओमानी रियाल भी लिए गए, लेकिन उनकी वापसी की व्यवस्था नहीं की गई. इस दौरान परिवार को उनकी सही स्थिति और ठिकाने की जानकारी भी नहीं मिल पा रही थी.

बहन की शिकायत पर सक्रिय हुआ प्रवासी नियंत्रण कक्ष

सुषमा की बड़ी बहन सुलोचना टोप्पो ने 1 सितंबर 2026 को झारखंड के राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से मदद मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत नियंत्रण कक्ष ने मामले को गंभीरता से लिया. इसके बाद भारतीय दूतावास, मस्कट, प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स और अन्य संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया गया. सुषमा की सुरक्षा, उनके ठिकाने और पासपोर्ट की बरामदगी को लेकर लगातार जानकारी जुटाई गई.

पासपोर्ट नहीं मिला तो जारी हुआ आपातकालीन यात्रा दस्तावेज

प्रवासी नियंत्रण कक्ष को जानकारी मिली कि सुषमा ओमान के श्रम मंत्रालय, रुवी की अभिरक्षा में हैं और करीब तीन सप्ताह से वहां रखी गई हैं. 16 सितंबर को भारतीय दूतावास ने ईमेल के जरिए उनकी स्वदेश वापसी की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी. मूल पासपोर्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण भारतीय दूतावास ने उनके लिए आपातकालीन यात्रा दस्तावेज (इमरजेंसी सर्टिफिकेट) जारी किया. इसके बाद जरूरी दस्तावेजी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं. लगातार प्रयासों और भारतीय दूतावास के सहयोग से 14 नवंबर को सुषमा सुरक्षित झारखंड लौट आईं.