☰
SPORTS

रांची में क्रिकेट का रोमांच: भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच आज, दोपहर 3 बजे से मिलेगी एंट्री

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI):  JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच को लेकर शहर के प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं. दर्शकों के लिए दोपहर 3:00 बजे से स्टेडियम में एंट्री शुरू हो जाएगी, जबकि मुकाबला शाम 7:00 बजे से शुरू होगा. दर्शकों को उनके टिकट पर दर्ज गेट नंबर और तय रूट के हिसाब ही स्टेडियम में एंट्री  दिया जाएगा.

पार्किंग और एंट्री के नियम

स्टेडियम के मुख्य गेट तक किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं है. दर्शकों को अपनी गाड़ियाँ तय पार्किंग स्थल पर खड़ी करके लगभग 300 मीटर पैदल चलना पड़ेगा. अरगोड़ा की तरफ से आने वाले वाहन प्रभात तारा मैदान में पार्क होंगे. वीर कुंवर सिंह चौक से आने वाले लोग सखुआ मैदान और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गाड़ी खड़ी करेंगे, जबकि नया सराय से आने वालों के लिए हाईकोर्ट हेलीपैड ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

स्टेडियम के अंदर प्रतिबंधित सामान

सुरक्षा के मुख्य इंतजाम के तहत स्टेडियम के अंदर सिक्के, बैग, खाने-पीने का सामान, प्लास्टिक और धातु की बोतलें, कैमरा, लैपटॉप, ईयरफोन और किसी भी तरह के ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर पूरी तरह से रोक है. स्टेडियम परिसर में किसी भी तरह की हुड़दंगबाजी, शराब का सेवन या गलत व्यवहार करने वाले दर्शकों को सीधे बाहर कर दिया जाएगा.

ट्रैफिक रूट और सुरक्षा व्यवस्था

सुबह 6:00 बजे से रात 11:00 बजे तक शहर के कई मुख्य मार्गों पर नो-एंट्री और रूट डायवर्जन लागू रहेगा. सुजाता चौक, बिरसा चौक और धुर्वा इलाके में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. सुरक्षा के लिए एडीजी स्वयं निगरानी कर रहे हैं और कुल 518 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 1200 जवानों की तैनाती की गई है. जाम से बचने के लिए ट्रैफिक एसपी ने सभी दर्शकों को पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है.