Jharkhand

रक्षाबंधन पर कोलकाता पब्लिक स्कूल की छात्राओं की खास पहल, पुलिसकर्मियों और डॉक्टरों को बांधी राखी

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

राँची  :रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी की छात्राओं ने समाज की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवा में जुटे पुलिसकर्मियों एवं चिकित्सकों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं. छात्राओं ने पुलिस थाना और अस्पताल पहुंचकर सेवा में तैनात कर्मियों को राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. इस पहल के जरिए छात्राओं ने उन लोगों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया, जो त्योहारों के दौरान भी अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटते.

स्कूल की प्लस टू स्तर की छात्राओं की एक टीम ओरमांझी थाना पहुंची. यहां छात्राओं ने विधि-विधान के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनगड़ा, थाना प्रभारी, उप निरीक्षक और सहायक आरक्षी उप निरीक्षक समेत अन्य पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधा. छात्राओं ने पुलिसकर्मियों के माथे पर तिलक लगाकर उन्हें राखी बांधी और उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की. इसके बाद छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से आशीर्वाद भी लिया.

इस दौरान छात्राओं ने कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं. पर्व-त्योहार के मौके पर जब अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ समय बिताते हैं, उस समय पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात रहकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं. रक्षाबंधन के अवसर पर भी उनके लिए अपने घर और परिवार तक जाना कई बार संभव नहीं हो पाता. ऐसे में छात्राओं ने उन्हें राखी बांधकर भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते का एहसास कराने की कोशिश की.

इसी क्रम में स्कूल की छात्राओं की दूसरी टीम रांची स्थित क्यूरेस्टा हॉस्पिटल पहुंची. वहां छात्राओं ने अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मुलाकात की. छात्राओं ने डॉक्टरों को राखी बांधी और उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं लंबी आयु की कामना की. चिकित्सकों ने भी छात्राओं की इस पहल की सराहना की.

कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी की ओर से बताया गया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन को केवल परिवार तक सीमित न रखते हुए समाज की सेवा में समर्पित लोगों के साथ भी मनाना है. स्कूल का मानना है कि पुलिसकर्मी और चिकित्सक समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो अपनी जिम्मेदारियों के कारण कई बार अपने परिवार से दूर रहकर लोगों की सेवा करते हैं.

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुलिसकर्मियों और चिकित्सकों को राखी बांधने से संबंधित पेंटिंग्स की प्रतियां भी सम्मान स्वरूप भेंट कीं. छात्राओं की इस पहल से पुलिसकर्मियों और चिकित्सकों के बीच भी उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के माध्यम से सेवा, सम्मान और सामाजिक जुड़ाव का संदेश दिया.