Jharkhand

सोनू भैया, आपकी कमी हमेशा खलेगी! मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर भावुक हुए CM हेमंत सोरेन

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजनीति में कई रिश्ते पद और पार्टी से बनते हैं, लेकिन कुछ रिश्ते दिल से जुड़े होते हैं. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ऐसे ही एक भावुक मोड़ पर ला खड़ा किया है. सोनू को सिर्फ राजनीतिक साथी नहीं, बल्कि बड़े भाई का दर्जा देने वाले हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनू भैया हर मुश्किल वक्त में उनके साथ मजबूती से खड़े रहे और उनका जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है. अपने भावुक संदेश के अंत में हेमंत सोरेन ने कहा, “आप हमेशा याद आएंगे भैया...”

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन के हर कठिन दौर में सुदिव्य कुमार सोनू ने उन्हें मार्गदर्शन दिया और मजबूती के साथ साथ खड़े रहे. उनके साथ बिताया गया समय और उनसे मिली सीख हमेशा उनकी यादों में रहेगी. हेमंत सोरेन ने कहा कि उनके जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा.

उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू के झारखंड आंदोलन से जुड़े योगदान को भी याद किया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ सोनू ने झारखंड आंदोलन के दिनों से ही मजबूती और समर्पण के साथ काम किया. झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक प्रतिबद्ध कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने राज्य की पहचान, अधिकार और स्वाभिमान से जुड़े संघर्षों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. हेमंत सोरेन ने कहा कि सोनू भैया ने अपना जीवन झारखंड और पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करते हुए बिताया. उनका संघर्ष, समर्पण और झारखंड के प्रति प्रतिबद्धता आने वाले समय में भी लोगों को प्रेरित करती रहेगी.