Jharkhand

रांची में SIR का काम तेज, अधिकारियों को पारदर्शिता के मिले निर्देश

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची (RANCHI): रांची जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी (SIR) के काम को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने साफ कहा कि मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाने के काम में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. अधिकारियों को चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक काम करने का निर्देश दिया गया.

एक परिवार के मतदाता एक ही बूथ पर हों

बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सबसे ज्यादा जोर इस बात पर दिया कि एक परिवार या एक घर में रहने वाले सभी पात्र मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र की सूची में दर्ज हों. इसके लिए घरों की संख्या, नजरी नक्शा और नोशनल नंबर की सही तरीके से जांच करने को कहा गया.

उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड में गलती होने से एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की सूची में जा सकते हैं. इससे मतदाताओं और बीएलओ दोनों को परेशानी होती है. इसलिए ERO को इन सभी जानकारियों की सावधानी से जांच करनी होगी.

बीएलओ के काम की जिम्मेदारी सुपरवाइजर की

के. रवि कुमार ने कहा कि बीएलओ द्वारा किए गए काम की निगरानी बीएलओ सुपरवाइजर की जिम्मेदारी होगी. अगर नजरी नक्शे, घरों के नंबर या अन्य जानकारी में गलती मिलती है, तो सुपरवाइजर को उसे ठीक कराना होगा.

अगर कोई सुपरवाइजर अपने काम में लापरवाही करता है, तो संबंधित ERO उसके खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं और इसकी जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी को देनी होगी.

हर आवेदन और दस्तावेज की होगी जांच

SIR के दौरान मिलने वाले दावे, आपत्तियों, आवेदनों और दस्तावेजों की भी पूरी जांच करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी मामले में फैसला लेने से पहले संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों को अच्छी तरह जांचें.

मतदाताओं को सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखने और जरूरी दस्तावेज जमा करने का पूरा मौका भी दिया जाएगा.

पात्र लोगों का नाम न छूटे

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए. साथ ही किसी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए.

उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों को तय समय के अंदर निपटाने और लोगों को एसआईआर के बारे में जागरूक करने का निर्देश दिया. मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी या मदद के लिए नागरिक 1950 टोल-फ्री हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं.

बैठक में रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री समेत जिले के सभी संबंधित निर्वाचन अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.