रांची (RANCHI): झारखंड में वोटर लिस्ट को अपडेट करने के लिए 8 और 9 अक्टूबर को राज्यभर में विशेष डिजिटाइजेशन कैंप लगाए जा रहे हैं. इन कैंपों का मकसद एसआईआर-2026 के दौरान छूटे पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और जरूरी दस्तावेजों को ऑनलाइन दर्ज करना है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को चतरा और सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर पहुंचकर कैंप का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कैंप में आने वाले लोगों को नाम जुड़वाने और दूसरे जरूरी कामों में पूरी मदद दी जाए. साथ ही कैंप की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार करने को कहा.
फॉर्म-6 भरकर जुड़वा सकते हैं नाम
के. रवि कुमार ने कहा कि जो पात्र भारतीय नागरिक किसी कारण से एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम नहीं जुड़वा पाए हैं, वे 7, 8 और 9 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचें. वहां फॉर्म-6 के जरिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया जा सकता है. उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ को ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें आवेदन की प्रक्रिया में मदद करने का निर्देश दिया.
दस्तावेजों को भी किया जा रहा ऑनलाइन
विशेष कैंप में एसआईआर के दौरान नोटिस की सुनवाई में लोगों की ओर से दिए गए दस्तावेजों को भी ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है. इसके अलावा बीएलओ के पास मिले फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 समेत दूसरे आवेदनों को भी जल्द ऑनलाइन दर्ज करने का काम किया जा रहा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है. कोई भी पात्र भारतीय नागरिक इसके लिए आवेदन कर सकता है. खासकर पहली बार वोट देने वाले युवाओं और अब तक छूटे लोगों को इस अभियान का फायदा उठाने की अपील की गई है.
हर वर्ग तक पहुंचने के निर्देश
के. रवि कुमार ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे लोगों तक भी पहुंच बनाई जाए, जिन्हें सरकारी सुविधाओं और चुनावी प्रक्रिया की जानकारी कम मिल पाती है. इनमें आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोग, दिव्यांग, बुजुर्ग, थर्ड जेंडर, सेक्स वर्कर्स, आश्रय गृहों में रहने वाले लोग और मजदूर बस्तियों में रहने वाले पात्र नागरिक शामिल हैं. उन्होंने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को कैंपों का दौरा कर काम की समीक्षा करने को कहा. इसके बाद सभी जिलों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगे विशेष कैंपों का निरीक्षण किया.
10 अक्टूबर को हर बूथ पर मेगा हेल्पडेस्क
मतदाताओं की मदद के लिए 10 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क लगाया जाएगा. यहां लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम में सुधार, दावा-आपत्ति, नोटिस की सुनवाई और चुनाव से जुड़े दूसरे कामों की जानकारी दी जाएगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अपील की है कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है, वे 7, 8 या 9 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें. उनका कहना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक वोटर लिस्ट से बाहर नहीं रहना चाहिए.
