रांची (RANCHI): राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में खाने के ऑर्डर को लेकर हुआ विवाद एक दुकानदार की जान ले बैठा. चिकन लॉलीपॉप देने में देरी होने से नाराज एक युवक ने दुकान के कर्मचारी अजय कुमार दास पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल अजय की इलाज के दौरान मौत हो गई. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, घटना के समय पहनी गई खून से सनी शर्ट और एक बाइक बरामद की है.
पुलिस के मुताबिक, घटना 17 नवंबर की रात धुर्वा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंडा सेंटर के पास हुई. आरोपी अमित राय वहां चिकन लॉलीपॉप का ऑर्डर देने पहुंचा था. ऑर्डर तैयार होने में देरी होने पर उसकी दुकान के कर्मचारी अजय कुमार दास से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आरोपी ने धारदार चाकू से अजय के गले पर हमला कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अजय को इलाज के लिए पारस अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर अस्पताल, आरोपी के संभावित ठिकानों और घटनास्थल पर छानबीन शुरू की. इस दौरान रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज के आधार पर पुलिस ने हमलावर की पहचान अमित कुमार राय के रूप में की और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने विवाद के बाद चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की है.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2025 में कांड संख्या 59/25 दर्ज है. वहीं, इस हत्याकांड को लेकर धुर्वा थाना में कांड संख्या 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है.
