☰
Jharkhand

शर्मनाक! होटवार जेल में 20 वर्षीय युवक को पहनाई साड़ी और किया श्रृंगार, फिर खून निकलने तक की हैवानियत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से जेल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी के साथ कथित तौर पर तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप लगा है. पीड़ित के पिता का आरोप है कि जेल में बंद कुछ कैदियों ने उनके बेटे को नशीला पदार्थ देकर अलग-अलग मौकों पर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. इतना ही नहीं, पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय जेलकर्मियों द्वारा उसे प्रताड़ित करने और इलाज से वंचित रखने का भी आरोप लगाया गया है. इस संबंध में पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. 12 नवंबर को शाम 6:05 बजे दर्ज एफआईआर में 16 कैदियों के साथ जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर समेत कुल 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है.

त्योहारों के दौरान तीन बार यौनाचार किए जाने का आरोप

दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, पीड़ित युवक एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में 31 जनवरी 2026 से 12 जून 2026 तक होटवार जेल में बंद था. इसी दौरान उसके साथ तीन अलग-अलग घटनाएं होने का आरोप लगाया गया है. रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को उसे मामले में बरी कर दिया था. शिकायतकर्ता पिता के अनुसार, पहली घटना एक त्योहार की रात हुई. आरोप है कि कैदियों के एक समूह ने युवक को जबरन साड़ी पहनाकर उसका शृंगार किया और फिर नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में वार्ड संख्या 3-ए में ले गए. वहां उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया.

दूसरी वारदात भी एक त्योहार के दौरान होने का आरोप है. शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने युवक को जबरन नशीला पदार्थ खिलाया और इसके बाद तीन नंबर ग्राउंड हॉल में उसके साथ यौनाचार किया. वहीं, तीसरी घटना वार्ड संख्या पांच में त्योहार के ही दिन अंजाम दिए जाने की बात प्राथमिकी में कही गई है. हालांकि, इन सभी आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

शिकायत लेकर पहुंचा तो वार्ड इंचार्ज ने फाड़ दिया आवेदन
पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन के अधिकारियों पर भी गंभीर लापरवाही और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जेल के भीतर हुई घटनाओं के बाद युवक ने वार्ड इंचार्ज को लिखित आवेदन देकर शिकायत करने की कोशिश की थी. लेकिन आरोप है कि उसकी बात सुनने के बजाय उसके साथ गाली-गलौज की गई और शिकायत से संबंधित आवेदन फाड़ दिया गया. पिता के मुताबिक, एक घटना के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उनका बेटा जेल अस्पताल में इलाज कराने पहुंचा था. वहां तैनात मेडिकल अफसर पर भी दुर्व्यवहार करने और बिना उपचार किए उसे वापस भेजने का आरोप लगाया गया है.

रिहाई के वक्त मेडिकल जांच नहीं कराने का भी आरोप
प्राथमिकी में जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर एक और सवाल उठाया गया है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि 12 जून 2026 को युवक की रिहाई के समय आवश्यक मेडिकल जांच तक नहीं कराई गई. जेल से बाहर आने के बाद वह काफी समय तक मानसिक तनाव और सदमे में रहा. इस दौरान उसने परिजनों को भी अपने साथ हुई कथित घटनाओं के बारे में कुछ नहीं बताया. बाद में जब उसने परिवार के सामने पूरी बात रखी, तो उसके पिता ने पुलिस से संपर्क कर लिखित शिकायत दर्ज कराई.

16 कैदियों और तीन जेल अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में जेल के वार्ड संख्या 14 और 15 में बंद कई कैदियों को नामजद किया गया है. प्राथमिकी में यौनाचार के आरोपों के अलावा साक्ष्य छिपाने और साजिश में शामिल होने से संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं. एफआईआर दर्ज होने के बाद खेलगांव थाना के सब-इंस्पेक्टर कुमार शिवम को मामले का अनुसंधानकर्ता (IO) बनाया गया है. अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, जेल प्रशासन की भूमिका और घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी.

प्राथमिकी में नामजद आरोपी
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वार्ड संख्या 14 और 15 के कैदियों पिट्टू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबिसर लोहरा, कैंटीन ब्वॉय पवन, मंटू, धनेश्वर बढ़ई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव, पोगो, संतोष उरांव और सिपाही सिंह को आरोपी बनाया गया है. इनके अलावा वार्ड इंचार्ज, जेल अधीक्षक और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर को भी प्राथमिकी में नामजद किया गया है.