☰
Jharkhand

खराब मौसम के कारण आज रांची की कई Flights डायवर्ट, जानिए पूरा Schedule

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): शुक्रवार सुबह तेज बारिश और हवा का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला. खराब मौसम के कारण रांची आने वाली चार फ्लाइट को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा. इनमें इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें शामिल हैं. वहीं दिल्ली से रांची आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को री-शेड्यूल किया गया है.

अचानक फ्लाइट डायवर्ट और री-शेड्यूल होने से सुबह के समय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुणे-रांची फ्लाइट बनारस डायवर्ट

इंडिगो की पुणे से रांची आने वाली फ्लाइट को खराब मौसम के कारण बनारस डायवर्ट कर दिया गया. इस विमान के सुबह 7:55 बजे रांची पहुंचने का समय था, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण इसे रांची में नहीं उतारा जा सका.

कोलकाता से आई फ्लाइट वापस लौटी

इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट पर भी खराब मौसम का असर पड़ा. विमान को सुबह करीब 8:05 बजे रांची पहुंचना था. लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए विमान वापस कोलकाता लौट गया.

मुंबई-रांची फ्लाइट भी पहुंची कोलकाता

एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-रांची फ्लाइट को भी डायवर्ट करना पड़ा. विमान के रांची पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:20 बजे था. रांची पहुंचने के बाद खराब मौसम के कारण इसे कोलकाता की तरफ डायवर्ट कर दिया गया.

दिल्ली-रांची फ्लाइट को बनारस भेजा गया

इंडिगो की दिल्ली-रांची फ्लाइट को भी रांची में खराब मौसम की वजह से बनारस डायवर्ट किया गया. इस विमान को सुबह 8:30 बजे रांची पहुंचना था.

एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट री-शेड्यूल

इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली से रांची आने वाली फ्लाइट को री-शेड्यूल किया गया है. पहले इस विमान को सुबह 8:25 बजे रांची पहुंचना था. बदले हुए शेड्यूल के मुताबिक इसके सुबह करीब 10:10 बजे रांची पहुंचने की संभावना जताई गई.

शुक्रवार सुबह तेज बारिश और हवा के कारण रांची एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही प्रभावित रही. मौसम सामान्य होने के बाद उड़ानों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है.