सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में शनिवार की अहले सुबह सड़क हादसे के बाद हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (NH-220) पर करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. मुरुमडीह पुलिया के पास पहले से दुर्घटनाग्रस्त खड़े एक ट्रेलर को चाईबासा की ओर जा रहे दूसरे ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दूसरे ट्रेलर का चालक घायल हो गया. दुर्घटना के बाद सड़क पर दोनों भारी वाहन खड़े हो गए, जिससे दोनों दिशाओं में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की अहले सुबह डस्ट लदा ट्रेलर संख्या JH-05 DG-7142 चाईबासा की ओर जा रहा था. मुरुमडीह पुलिया के पास बने बंपर के समीप आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और आगे चल रहे वाहन को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में ट्रेलर क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क के बीचों-बीच खड़ा रह गया. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को तत्काल हटाया नहीं जा सका, जिसके कारण वह अगले हादसे का कारण बन गया.
शनिवार की सुबह चाईबासा की ओर जा रहा दूसरा ट्रेलर संख्या OD-09 K-4324 सड़क पर खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूसरे ट्रेलर का चालक घायल हो गया. हालांकि, चोट गंभीर होने की जानकारी सामने नहीं आई है. दोनों ट्रेलरों के सड़क पर खड़े रहने से मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई. देखते ही देखते हाता और चाईबासा दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई.
हादसे के बाद NH-220 पर करीब 4 किलोमीटर तक जाम लग गया. छोटे-बड़े वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे. इससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों के मुताबिक, मुरुमडीह पुलिया के पास सड़क पर बने बंपर और पुलिया की संकरी चौड़ाई के कारण वाहनों की रफ्तार अचानक कम हो जाती है. ऐसे में यहां अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने संबंधित विभाग से मुरुमडीह पुलिया के पास बने बंपर को लेकर उचित संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर वाहन चालकों को पहले से बंपर और संकरी पुलिया की जानकारी मिल जाए, तो हादसों की संभावना को कम किया जा सकता है. फिलहाल सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण यातायात प्रभावित है और जाम की स्थिति ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है.
रिपोर्ट : बीरेंद्र मण्डल
