☰
Jharkhand

झारखंड स्थापना दिवस पर रांची में निकलेगी ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’, स्थापना दिवस से सरकार की दूसरी वर्षगांठ तक होंगे कई कार्यक्रम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): 15  नवंबर को झारखंड को पूरे 26 साल हो जाएंगे. ऐसे में झारखंड के वर्तमान सरकार के दो साल भी हो जाएंगे.  इस अवसर पर राज्यभर में 15 से 28 नवंबर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसकी शुरुआत 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ यानी स्वच्छता के लिए दौड़ से होगी. वहीं, इन कार्यक्रमों का समापन 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित मुख्य समारोह के साथ होगा. इस दौरान खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेला-सह-प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण जैसे आयोजन होंगे.

15 नवंबर को सभी जिलों में होगी स्वच्छता दौड़

कार्यक्रम की शुरुआत 15 नवंबर को सुबह 7 से 8 बजे तक सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से होगी. प्रत्येक जिले में किसी प्रमुख स्थान या चौक से दौड़ शुरू की जाएगी. इसका समापन प्रमुख छठ घाटों की सफाई के साथ होगा. इसके जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सफाई अभियान में उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा.

पंचायत से जिला स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं

17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. जिला स्तर पर चुने गए प्रतिभागियों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. विजेताओं को 28 नवंबर को सम्मानित किया जाएगा.

तीन दिनों तक लगेगा मेला और होगी सांस्कृतिक संध्या

रांची के खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक मेला-सह-प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इसमें विभिन्न सरकारी विभागों और सभी जिलों के स्टॉल होंगे. यहां सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी सेवाओं, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी मिलेगी. नवाचार से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे. इसी दौरान तीन दिनों तक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा. इसमें झारखंड की कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी प्रस्तुतियां होंगी.

28 नवंबर को होगा मुख्य समारोह

सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 28 नवंबर को खेलगांव में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा. इस दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ होगा. साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा. पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक बेहतर काम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा.