Jharkhand

BIG NEWS: रांची में फिर गैंगस्टर प्रिंस खान का खौफ! होटल संचालक से 1 करोड़ की रंगदारी की मांग

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में एक बार फिर रंगदारी का मामला सामने आने से कारोबारी जगत में दहशत का माहौल है. शहर के प्रतिष्ठित होटल कैपिटोल हिल के संचालक संजय भाटिया उर्फ टिनू भाटिया से गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है. 

जानकारी के अनुसार, संजय भाटिया को विदेशी नंबर से वॉयस कॉल और व्हाट्सएप कॉल किए गए. इसके अलावा धमकी भरे संदेश भी भेजे गए, जिनमें उन्हें नाम लेकर संबोधित करते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की गई. संदेश में दावा किया गया कि उनके परिवार की पूरी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और रकम नहीं देने पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है. 

मामले की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस अधिकारियों ने भाटिया परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है.  हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियां धमकी देने वाले नंबरों की पड़ताल कर रही हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कॉल करने वाले वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या फिर गैंगस्टर का नाम इस्तेमाल कर भय पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. 

भाटिया परिवार पहले भी अपराधियों के निशाने पर रहा है. परिवार से जुड़े एक सदस्य के अपहरण का मामला भी पूर्व में सामने आ चुका है, जिसके बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी थी. अब एक बार फिर रंगदारी की धमकी मिलने से परिवार और कारोबारी समुदाय में असुरक्षा की भावना गहरा गई है. गौरतलब है कि हाल के महीनों में रांची के कई व्यवसायियों को इसी तरह के धमकी भरे कॉल और संदेश मिल चुके हैं. कुछ मामलों में रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग और हिंसक घटनाएं भी सामने आई थीं. लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

फिलहाल पुलिस तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच कर रही है. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी. वहीं कारोबारी संगठनों ने भी प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रंगदारी मांगने वाले गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.