Jharkhand

रांची रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई: 30.50 लाख रुपये का गांजा बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस तस्करी के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेशन पर तैनात आरपीएफ की फ्लाइंग टीम, आरपीएफ पोस्ट और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने मिलकर एक बड़ी छापेमारी की. इस संयुक्त छापेमारी के दौरान टीम ने स्टेशन से भारी मात्रा में यानी कुल 61 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार के बारे में बात करे तो जब्त किए गए इस गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 30.50 लाख रुपये आंकी जा रही है. इस मामले में सुरक्षाबलों ने मौके से बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले तीन शातिर नशीले पदार्थों के तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है.

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ की विशेष टीम जब ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर–जम्मू तवी एक्सप्रेस के भीतर सघन जांच कर रही थी, तभी कोच संख्या बी-3 (B-3) में सफर कर रहे तीन युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए. उन तीनों युवकों के पास चार बड़े ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग रखे हुए थे. आरपीएफ के जवानों को देखकर तीनों युवक घबरा गए और बैग के बारे में पूछने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए. इसके बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो तीनों ने कबूल किया कि उनके बैगों में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है.

हालांकि, उस समय ट्रेन के खुलने का वक्त हो चुका था, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ की टीम ने सूझबूझ दिखाई. टीम ने तीनों संदिग्धों को उनके भारी-भरकम सामान के साथ अगले स्टेशन, नामकुम रेलवे स्टेशन पर नीचे उतारा ताकि कानून के मुताबिक उनकी विधिसम्मत जांच और वजन की प्रक्रिया पूरी की जा सके. आरपीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय आयुष सिंह, 21 वर्षीय प्रेंस कुमार और 19 वर्षीय अंकित पाठक के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक ये तीनों आरोपी मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले हैं और इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.