Jharkhand

रांची में लाह व्यापारी से लूट का पर्दाफाश, पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे आरोपी

Varsha Varma CE
Copy Editor
रांची में लाह व्यापारी से लूट का पर्दाफाश, पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे आरोपी

रांची(RANCHI): जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र में लाह व्यापारी से हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही वारदात में लूटी गई नकदी और सामान भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश वजह थी.

कुछ दिन पहले ग्राम दोवाडू और बदालू के बीच एक लाह व्यापारी के साथ छिनतई की घटना हुई थी और आरोपी मौके से फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए सिल्ली थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की.

जांच के दौरान ग्राम दोवाडू निवासी निमाई चंद दत्ता पुलिस के संदेह के दायरे में आया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने राहे थाना क्षेत्र के गोमदा गांव निवासी प्रवीण महतो के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की साजिश रची और उसे अंजाम दिया.

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित व्यापारी का छिना हुआ बैग, कीपैड वाला नोकिया मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद कर लिया. इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी प्रवीण महतो के घर पर छापेमारी की, जहां से पीड़ित शिवशंकर दत्ता से छीनी गई 16,500 रुपये की नकदी भी बरामद की गई.

शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों आरोपियों और पीड़ित व्यापारी के बीच पहले से व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और आपसी मनमुटाव था. इसी दुश्मनी के चलते छिनतई की घटना को अंजाम दिया गया. हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी पता लगाया जा सके.

सिल्ली थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल मामले का खुलासा हुआ, बल्कि लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी