Jharkhand

रांची: अपर बाजार में शनि मंदिर के पास चौड़ी होगी सड़क, प्रभावित परिवारों का होगा पुनर्वास

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची (RANCHI): अपर बाजार के शनि मंदिर के आसपास लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम सड़क चौड़ीकरण की तैयारी कर रहा है. सड़क को चौड़ा करने के दौरान इसकी रास्ते में आने वाले निर्माण हटाए जाएंगे. हालांकि इससे पहले प्रभावित परिवारों के रहने के लिए दूसरी जगह व्यवस्था की जाएगी.

शनि मंदिर के आसपास बाजार के साथ घनी आबादी भी है. इस कारण यहां सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है. कई स्थानों पर सड़क संकरी होने के कारण वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती. व्यस्त समय में स्थिति और खराब हो जाती है और लोगों को जाम में फंसना पड़ता है.

नगर निगम सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू करने से पहले पूरे इलाके का सर्वे कराएगा. सर्वे में यह पता लगाया जाएगा कि सड़क विस्तार के दायरे में कितने मकान आ रहे हैं और इनमें कितने परिवार रह रहे हैं. प्रभावित परिवारों की पूरी जानकारी जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. निगम का प्रयास है कि सड़क चौड़ी होने से इलाके में यातायात व्यवस्था बेहतर हो और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिले.

पहले मिलेगा वैकल्पिक आवास, उसके बाद हटेंगे निर्माण

सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित होने वाले परिवारों के पुनर्वास के लिए नगर निगम अलग आवासीय परिसर विकसित करने की योजना बना रहा है. पात्र परिवारों को पहले वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाएगा. इसके बाद ही उन्हें वहां से दूसरी जगह शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू होगी.

मेयर रोशनी खलखो ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिवार को बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए हटाया नहीं जाएगा. नगर निगम सड़क विस्तार के साथ प्रभावित लोगों के पुनर्वास को भी प्राथमिकता देगा.