रांची (RANCHI): रिम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी अपडेट है. संस्थान में एमबीबीएस की 250 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शनिवार से शुरू होने जा रही है. इनमें स्टेट कोटा की 208 सीटें शामिल हैं. एडमिशन के लिए चयनित अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे रिम्स की एकेडमिक बिल्डिंग में पहुंचना होगा. अलग-अलग आरक्षित वर्ग के लिए नामांकन की तारीख भी तय कर दी गई है.
रिम्स प्रशासन के मुताबिक शुरुआती दो दिनों में सामान्य और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के कुल 104 विद्यार्थियों का नामांकन लिया जाएगा. इसके बाद 1 सितंबर को एसटी वर्ग के 54 अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी होगी. 2 सितंबर को बीसी-1 और बीसी-2 श्रेणी के 29 विद्यार्थियों का एडमिशन होगा. वहीं, 3 सितंबर को एससी और दिव्यांग श्रेणी के 21 विद्यार्थियों का नामांकन किया जाएगा. रिम्स के पीआरओ और एडमिशन कमेटी के सदस्य डॉ. शिशिर कुमार ने बताया कि सभी श्रेणियों के लिए तारीख और समय निर्धारित कर दिया गया है. अभ्यर्थियों को तय समय पर एकेडमिक बिल्डिंग में उपस्थित होना होगा. नामांकन से जुड़ी विस्तृत जानकारी रिम्स की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई गई है. आरक्षण के तहत एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच के लिए विशेष टीम तैनात रहेगी. संबंधित प्रमाण पत्रों की जांच के बाद ही नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
किस तारीख को किसका एडमिशन?
• 29 और 31 अगस्त: सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग
• 1 सितंबर: एसटी वर्ग
• 2 सितंबर: बीसी-1 और बीसी-2 वर्ग
• 3 सितंबर: एससी और दिव्यांग वर्ग
मेडिकल काउंसलिंग का दूसरा राउंड भी जल्द
इधर, मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने केंद्रीय काउंसलिंग के दूसरे चरण का शेड्यूल भी जारी कर दिया है. इसकी प्रक्रिया 3 सितंबर से शुरू होगी. अभ्यर्थी 3 से 8 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन और फीस जमा कर सकेंगे. वहीं, च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग की सुविधा 3 से 9 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी. सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया 9 और 10 सितंबर को होगी, जबकि दूसरे राउंड का रिजल्ट 11 सितंबर को जारी किया जाएगा. सीट पाने वाले विद्यार्थियों को 12 से 18 सितंबर के बीच संबंधित मेडिकल संस्थान में रिपोर्ट करना होगा.
केंद्रीय काउंसलिंग के जरिए एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा. इसमें ऑल इंडिया कोटा की 15 प्रतिशत सीटों के अलावा डीम्ड यूनिवर्सिटी, सेंट्रल यूनिवर्सिटी, एम्स और जेआईपीएमईआर जैसे संस्थानों की सीटें भी शामिल हैं. नीट में सफल अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे. वहीं, राज्य स्तर की मेडिकल काउंसलिंग का दूसरा चरण भी 7 सितंबर से शुरू होने की संभावना है.
