☰
Jharkhand

सहायक कारापाल अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर, बदली शारीरिक परीक्षा की तारीख, नवंबर में होगा एग्जाम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में सहायक कारापाल बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए अब उन्हें अतिरिक्त समय मिल गया है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने रांची में संभावित भारी बारिश के मद्देनजर 28 से 31 अक्टूबर तक होने वाली शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा को स्थगित कर दिया है. अब इन तारीखों पर होने वाली परीक्षाएं नवंबर में आयोजित की जाएंगी. आयोग के इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जो कम समय मिलने के कारण अपनी तैयारी को लेकर चिंतित थे.

JSSC ने 28 अक्टूबर 2026 को आवश्यक सूचना-04 जारी कर परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी दी. आयोग के अनुसार, चक्रवात अरनब के कारण रांची में भारी बारिश की आशंका और पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से प्राप्त पत्र के आधार पर यह निर्णय लिया गया है.

संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा में होने वाली शारीरिक परीक्षा अब इस तारीख पर आयोजित होगी.
* 28 अक्टूबर की परीक्षा: अब 18 नवंबर 2026 को.
* 29 अक्टूबर की परीक्षा: अब 19 नवंबर 2026 को.
* 30 अक्टूबर की परीक्षा: अब 20 नवंबर 2026 को.
* 31 अक्टूबर की परीक्षा: अब 21 नवंबर 2026 को.

कम समय मिलने की शिकायत कर रहे थे अभ्यर्थी
परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने की मांग पहले भी उठ रही थी. दरअसल अभ्यर्थियों के मुताबिक, उन्हें 14 अक्टूबर को शारीरिक परीक्षा की सूचना मिली थी, जबकि परीक्षा 28 अक्टूबर से शुरू होनी थी. इस वजह से तैयारी के लिए उन्हें लगभग दो सप्ताह का ही समय मिल रहा था. कुछ अभ्यर्थियों ने दौड़ और शारीरिक दक्षता की तैयारी के लिए कम से कम एक महीने का अतिरिक्त समय देने की मांग की थी. उनका कहना था कि कम समय में दौड़ के लिए जरूरी शारीरिक क्षमता विकसित करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. 

ऐसे में आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तारीखों के लिए अभ्यर्थियों को दोबारा एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे JSSC की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in पर नियमित रूप से नजर रखें, ताकि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी नई सूचनाएं समय पर मिल सकें.