Jharkhand

रांची में ऑटो चालक को जिंदा जलाने की कोशिश! गाड़ी चलाने से इनकार करने पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): रांची के कांटाटोली इलाके में एक ऑटो चालक को जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि ऑटो चलाने से इनकार करने पर वाहन मालिक और उसके साथियों ने चालक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. इस हमले में चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है.

घायल चालक की पहचान समीर उर्फ सोनू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से नामकुम निवासी मो. असलम का ऑटो चलाता था. कुछ दिन पहले समीर ने असलम से कहा था कि वह अब आगे ऑटो नहीं चलाना चाहता. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि उस समय असलम ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी.

पीड़ित के भाई मो. आरिफ उर्फ गुड्डू ने लोअर बाजार थाना में इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, 11 जुलाई की शाम करीब 5.30 बजे कांटाटोली स्थित यूनियन बैंक के पास समीर पर हमला किया गया. आरोप है कि मो. असलम के बेटे मो. रूमन और सिंटू मिस्त्री ने पहले उस पर पेट्रोल डाला और फिर माचिस जलाकर आग लगा दी. इस हमले में समीर की दोनों कलाई, बांह, छाती और पेट बुरी तरह झुलस गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.