रांची(RANCHI): राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यनी री-नीट परीक्षा को लेकर राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. रविवार को शहर के 21 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसे लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं. परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए करीब 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती दलों को भी सक्रिय रखा जाएगा, ताकि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रहे. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी.
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की जांच होगी. वहीं परीक्षा संचालन में शामिल कर्मियों, पर्यवेक्षकों और स्टाफ की भी सुरक्षा जांच की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रश्नपत्रों के परिवहन से लेकर परीक्षा केंद्रों तक उनकी सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस सतर्क है
इधर, नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने मेडिकल कॉलेजों को परीक्षा से जुड़े छात्रों की पर विशेष नजर रखने को कहा है. साथ ही परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने तक छात्रों को हॉस्टल और कैंपस पर अनावश्यक आवाजाही से बचने के निर्देश दिए गए हैं
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है. केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य होगा. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी. अधिकारियों का दावा है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं
