Jharkhand

रांची के मौसम ने अचानक लिया U-टर्न, झमाझम बारिश से लोगों को मिली राहत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों को झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी है. गुरुवार की दोपहर को रांची में अचानक मौसम का मिजाज बदला और काले बादलों के बीच शुरू हुई बारिश ने तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज कराई.

अचानक आसमान में घने बादल छा गए. इसके बाद झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया. बारिश के बाद लोगों ने गर्मी और उमस से राहत की सांस ली. शहर के कई इलाकों में सड़कें भीग गईं और वातावरण में ठंडक महसूस की गई.

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार आने वाले दिनों में भी राज्य में मौसम का यही रुख बना रहेगा. विभाग ने 11 और 12 जून के लिए रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और कोडरमा समेत कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है. इसके अलावा देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज में भी मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है.

मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. यह स्थिति 15 जून तक बनी रह सकती है.

रांची के तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज होने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक 11 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जो 14 जून तक घटकर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री से घटकर 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.

विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से किसानों को भी राहत मिलेगी और खेती-किसानी के कार्यों को गति मिलेगी. फिलहाल रांची समेत पूरे झारखंड में मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है.