Jharkhand

रांची: औघड़ भगवान आश्रम के सामने मिला युवक का शव, शरीर पर खून के निशान, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): कोतवाली थाना क्षेत्र में औघड़ भगवान आश्रम के सामने स्थित चीनी मिट्टी कारखाने की खाली पड़ी जमीन से एक युवक का शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति खाली जमीन पर कचरा फेंकने गया था. इसी दौरान उसकी नजर वहां पड़े युवक के शव पर पड़ी. उसने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही ASP कोतवाली पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से संभावित साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास जारी है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस खाली जमीन से शव मिला है, वहां अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है. युवक के शरीर पर खून के निशान मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है. ऐसे में प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है. पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि युवक यहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के साथ आसपास के लोगों से मिली जानकारी को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है.