Jharkhand

रांची: निर्माणाधीन बिल्डिंग में करंट लगने से मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): जिले के हरमू स्थित इमली चौक के पास शनिवार को एक निर्माणाधीन भवन में काम करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. ढलाई का काम कर रहा एक मजदूर अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया. हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान श्रीराम लोहरा के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुटने लगी. हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार में भी मातम पसर गया.

मजदूर की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन स्थल के पास सड़क पर उतरकर विरोध शुरू कर दिया. बड़ी संख्या में लोगों ने इमली चौक के पास सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की. स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद निर्माणाधीन भवन का मकान मालिक और ठेकेदार मौके से फरार हो गए. उनके फरार होने की बात सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी और बढ़ गई. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि मजदूर की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए.

इधर, सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने और सड़क जाम हटाने का प्रयास शुरू किया. पुलिस की ओर से लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया जा रहा है. फिलहाल इमली चौक के पास सड़क जाम रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने के साथ हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.