☰
Jharkhand

रांची: 650 ट्रांसपोर्टरों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 8 करोड़ तक रोड टैक्स वसूलने की तैयारी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI):  रांची में परिवहन विभाग ने रोड टैक्स जमा नहीं करने वाले मालवाहक वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कि है. परिवहन विभाग ने शिकंजा कसते हुए जांच और रिकॉर्ड ऑडिट के दौरान लंबे समय से टैक्स बकाया रखने वाले करीब 650 ट्रांसपोर्टरों की पहचान की गई है. पहचान करने के बाद इन सभी को नोटिस जारी किया गया है और निर्देश दिया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया टैक्स जमा किया जाए. बता दें, परिवहन विभाग का अनुमान है कि इस कार्रवाई से करीब 7 से 8 करोड़ रुपये के राजस्व की वसूली हो सकती है. जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ वाहन मालिकों ने टैक्स जमा नहीं करने के साथ अपने वाहनों के संचालन से जुड़ी जरूरी जानकारी भी विभाग को उपलब्ध नहीं कराई है. विभाग ने सभी संबंधित वाहन मालिकों को समय पर टैक्स भुगतान करने की सलाह दी है.

आपको बता दें, मालवाहक वाहनों पर लगने वाले रोड टैक्स की राशि उनकी भार क्षमता के आधार पर तय की जाती है. यही वजह है कि बड़े ट्रेलर और ज्यादा वजन ढोने वाले वाहनों पर टैक्स की देनदारी अधिक होती है. विभाग ने वाहन मालिकों को टैक्स भुगतान के बाद जरूरी टैक्स टोकन और दस्तावेज सुरक्षित रखने को कहा है. वहीं, जिन ट्रांसपोर्टरों ने पहले ही बकाया टैक्स जमा कर दिया है, लेकिन उन्हें नोटिस मिल गया है, वे भुगतान की रसीद, टैक्स टोकन और अन्य संबंधित दस्तावेजों के साथ विभाग में आवेदन कर सकते हैं. दस्तावेजों की जांच के बाद ऐसे वाहन मालिकों का नाम बकायेदारों की सूची से हटाया जाएगा.

इधर, DTO अखिलेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि नोटिस मिलने के बावजूद तय समय में टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ झारखंड मोटर वाहन कराधान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. बकाया टैक्स के साथ नियम के अनुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा. गंभीर मामलों में सर्टिफिकेट केस दर्ज कर बकायेदार की चल और अचल संपत्ति की कुर्की तथा नीलामी की कार्रवाई भी की जा सकती है. इसके अलावा टैक्स बकाया वाले व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने और उनके हस्तांतरण को प्रतिबंधित करने का भी प्रावधान है. ऐसे में परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से मालवाहक वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है.