Jharkhand

रांची में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, 160 दिनों में वसूले 31.72 करोड़ रुपये के चालान

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
रांची में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, 160 दिनों में वसूले 31.72 करोड़ रुपये के चालान

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और जाम की समस्या कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार अभियान चला रही है. पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव जांच के साथ-साथ विभिन्न ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर नियमित कार्रवाई की जा रही है. जगन्नाथपुर, डोरंडा, चुटिया, डेली मार्केट, लालपुर, पंडरा, खेलगांव और गोंदा ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाता है. इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया जाता है.

ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से 10 जून तक कुल 160 दिनों में 31.72 करोड़ रुपये का चालान वसूला गया है. सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट और नो पार्किंग के मामलों में हुई है. इस अवधि में 17,896 बिना हेलमेट वाहन चालक, जिनमें पिलियन राइडर भी शामिल हैं, पकड़े गए. वहीं 12,890 वाहन चालकों पर नो पार्किंग नियम तोड़ने के कारण कार्रवाई की गई. पुलिस का मानना है कि लोगों में सिविक सेंस की कमी भी जाम का एक बड़ा कारण है. जाम लगने पर लोग जल्दबाजी में वाहन आड़ा-तिरछा खड़ा कर देते हैं, जिससे स्थिति और खराब हो जाती है.

रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि लगातार सख्ती और नियमित जांच अभियान के कारण सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है. उन्होंने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव अभियान से लोगों को असुविधा जरूर होती है, लेकिन इससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होती है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं, ताकि दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को कम किया जा सके.