Jharkhand

त्योहारी सीजन में जगमगाएगी रांची, 5,300 नई LED लाइट लगाने की तैयारी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

रांची (RANCHI): त्योहारी सीजन में शहर की सड़कों और गलियों को बेहतर रोशनी देने के लिए रांची नगर निगम ने बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है. शहर के उन इलाकों पर खास ध्यान दिया जाएगा, जहां पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात में अंधेरा रहता है. नगर निगम की योजना के तहत रांची में 5,300 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी.

नगर निगम ने जारी किया टेंडर

नई स्ट्रीट लाइटों की खरीद और स्थापना के लिए नगर निगम ने आधिकारिक टेंडर जारी कर दिया है. निविदा प्रक्रिया के माध्यम से योग्य कंपनी का चयन किया जाएगा. चयनित एजेंसी को अलग-अलग क्षमता की आधुनिक एलईडी लाइटों की आपूर्ति करने के साथ उन्हें निर्धारित स्थानों पर स्थापित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी.

75, 90 और 120 वॉट की लगेंगी लाइटें

शहर की जरूरत और स्थान के अनुसार 75 वॉट, 90 वॉट और 120 वॉट क्षमता वाली एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी. मुख्य सड़कों से लेकर गलियों और कम रोशनी वाले क्षेत्रों तक जरूरत के हिसाब से इनका इस्तेमाल किया जाएगा. इससे रात के समय सड़कों पर रोशनी की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है.

तीन साल तक करना होगा रखरखाव

टेंडर की अहम शर्तों में लाइटों का रखरखाव भी शामिल है. जिस कंपनी को काम मिलेगा, उसे स्थापना के बाद अगले तीन वर्षों तक स्ट्रीट लाइटों के व्यापक रखरखाव की जिम्मेदारी निभानी होगी. खराबी आने पर लाइटों की मरम्मत और जरूरी तकनीकी देखभाल भी अनुबंध का हिस्सा होगी.

60 हजार स्ट्रीट लाइटों का नेटवर्क होगा मजबूत

रांची में फिलहाल करीब 60 हजार स्ट्रीट लाइटों का नेटवर्क मौजूद है. नई 5,300 लाइटें जुड़ने से शहर की प्रकाश व्यवस्था का दायरा और बढ़ेगा. वहीं, मौजूदा स्ट्रीट लाइटों से जुड़ी खराबी और शिकायतों के समाधान के लिए सभी 53 वार्डों में कुल 28 विशेष टीमों को तैनात किया गया है. इन टीमों को शिकायत मिलने पर जल्द कार्रवाई कर लाइटों को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी दी गई है.