रांची (RANCHI): राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. ताजा मामला इटकी रोड स्थित डार्लिंग (आर्किड) अपार्टमेंट का है, जहां मंगलवार दोपहर महज 20 मिनट के भीतर चोरों ने एक व्यवसायी के फ्लैट में घुसकर लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न सिर्फ अपार्टमेंट के लोगों को दहशत में डाल दिया, बल्कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, फ्लैट व्यवसायी उमेश अग्रवाल का है, जो लोहरदगा में कारोबार करते हैं. घटना के समय उनकी पत्नी फ्लैट में ताला लगाकर पास के बाजार मिठाई और अन्य घरेलू सामान खरीदने गई थीं. करीब 20 मिनट बाद जब वह वापस लौटीं तो फ्लैट का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला. अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी व लॉकर खुले हुए हैं.
जांच करने पर पता चला कि घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान गायब हैं. हैरानी की बात यह रही कि गहनों का खाली डिब्बा बेड पर पड़ा था और उसके पास एक बड़ा स्क्रूड्राइवर भी मिला. पीड़िता ने आशंका जताई कि चोरों ने उसी स्क्रूड्राइवर की मदद से अलमारी का लॉकर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया होगा.
घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी प्रभारी विवेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. बाद में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए. कोतवाली एसएसपी निखिल राय और सुखदेवनगर इंस्पेक्टर सुनील कुशवाहा ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके.
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की जानकारी मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी आर्किड अपार्टमेंट पहुंचे. उन्होंने पीड़ित व्यवसायी उमेश अग्रवाल और उनके परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. इसके बाद उन्होंने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) से फोन पर बात कर मामले की गंभीरता से जांच कराने और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया.
संजय सेठ ने कहा कि राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं. उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े किसी आवासीय परिसर में इस तरह की चोरी होना बेहद चिंताजनक है. अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ-साथ चोरी गए सामान की बरामदगी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि लोगों का पुलिस प्रशासन पर भरोसा कायम रहे.
इधर, घटना के बाद अपार्टमेंट के निवासियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों ने इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है.
