रांची (RANCHI): रांची के चान्हो इलाके में तेज रफ्तार के कहर ने 3 साल के मासूम की जान ले ली है. हादसा चान्हो के चोड़ा गांव में हुआ है, जहां तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने बच्चे को कुचल दिया. घटना के व्यक्त बच्चा सड़क के किनारे खेल रहा था, जब बीजूपाड़ा के रास्ते से आ रही तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और बच्चे को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयावह थी की हादसे के दौरान बच्चा कुचला गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. ऐसे में घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल बन गया, हालांकि घटना के बाद जबतक बाइक सवार को पकड़ने की कोशिश की जाती, उससे पहले ही वह मौके से फरार हो गया. इधर 3 साल के मासूम की मौत के बाद उनके परिवार और पूरे गाँव में मातम का माहौल है.
हादसे में बच्चे की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने खलारी-बीजूपाड़ा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने कहा कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी और नियंत्रण के अभाव में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक बच्चे के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की. साथ ही हादसे के बाद फरार बाइक चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग प्रशासन से की गई. सड़क जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है.
