Jharkhand

रांची में पहली बार सजेगा डूरंड कप का रोमांच, बिरसा मुंडा स्टेडियम में होंगे 16 मुकाबले, जानिए शेड्यूल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): पहली बार देश के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी रांची को मिली है. टूर्नामेंट के 135वें संस्करण के तहत 26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में लीग चरण के कुल 16 मुकाबले खेले जाएंगे. इसके अलावा एक क्वार्टर फाइनल मैच भी इसी मैदान पर आयोजित किया जाएगा.

डूरंड कप आयोजन समिति ने इस साल के टूर्नामेंट में भाग लेने वाली 24 टीमों और पांच मेजबान शहरों की आधिकारिक घोषणा कर दी है. इस बार प्रतियोगिता के मुकाबले कोलकाता, रांची, इंफाल, गुवाहाटी और शिलांग में आयोजित होंगे. इन शहरों के बीच पहली बार रांची का नाम शामिल होना झारखंड के खेल इतिहास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.

रांची में होने वाले मुकाबलों में इंडियन सुपर लीग (ISL) की लोकप्रिय टीम जमशेदपुर एफसी पर सभी की खास नजर रहेगी. इसके अलावा स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और श्रीलंका आर्म्ड फोर्सेज की डिफेंडर्स एफसी जैसी टीमें भी यहां अपना दमखम दिखाएंगी. इससे झारखंड के फुटबॉल प्रेमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का खेल देखने का सुनहरा अवसर मिलेगा.

बिरसा मुंडा स्टेडियम पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी कर चुका है, लेकिन डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आयोजन यहां पहली बार होने जा रहा है. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस आयोजन से राज्य में फुटबॉल को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलेगी. डूरंड कप 2026 की शुरुआत 25 जुलाई से होगी, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 23 अगस्त को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा. रांची में होने वाले मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में अभी से खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.