रांची (RANCHI): राजधानी रांची में बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पिछले कुछ दिनों में बाल उत्पीड़न से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. बता दें, पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां एक स्कूली वैन चालक पर मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा. परिजनों की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं, कांके थाना क्षेत्र में एक बच्ची के साथ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आई थी. बच्ची द्वारा घटना की जानकारी परिजनों को दिए जाने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपी को भी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया.
तीसरा मामला सदर थाना क्षेत्र का है, जहां पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति पर बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस के मुताबिक तीनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी तेजी से की गई है, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय की प्रक्रिया मिल सके. इन घटनाओं ने बच्चों की सुरक्षा और उनके आसपास मौजूद लोगों को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा की है. पुलिस का कहना है कि किसी भी शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाएगा और ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
रांची पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्चों को अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध व्यवहार की जानकारी तुरंत परिवार को देने के लिए जागरूक किया जाना जरूरी है. पुलिस ने लोगों से कहा है कि यदि किसी बच्चे के साथ दुर्व्यवहार या किसी अपराध की जानकारी मिलती है, तो बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है और ऐसे मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. तीन मामलों में त्वरित गिरफ्तारी के जरिए पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश देने की कोशिश की है. न
