☰
Jharkhand

दुर्गा पूजा से पहले रांची पुलिस अलर्ट, जवानों की छुट्टियां हुई रद्द

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): दुर्गा पूजा और 9 अक्टूबर को राजधानी रांची में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. रांची पुलिस ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी हैं. यह व्यवस्था 22 अक्टूबर तक लागू रहेगी. विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश की अनुमति दी जाएगी.

जारी आदेश के मुताबिक, क्रिकेट मैच और दुर्गा पूजा के दौरान शहर में बड़े पैमाने पर पुलिस बल की तैनाती की जानी है. इसके लिए पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध भी किया गया है. इसी वजह से रांची जिले में तैनात पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रोकने का फैसला लिया गया है.

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जो पुलिस अधिकारी या जवान पहले से अवकाश पर हैं और जिले से बाहर जा चुके हैं, उन्हें 6 अक्टूबर 2026 की दोपहर तक वापस लौटकर योगदान देना होगा. संबंधित अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों को इसकी जानकारी देने और उनकी समय पर वापसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण और यातायात, डीएसपी, एएसपी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, नगर नियंत्रण कक्ष और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों को आदेश की प्रति भेजी गई है. सभी अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने और जारी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.