Jharkhand

स्वतंत्रता दिवस पर रांची पुलिस का बड़ा सम्मान, बेहतर काम करने वाले अधिकारी-कर्मी हुए पुरस्कृत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रांची की नवीन पुलिस लाइन में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजुनाथ भजन्त्री समेत जिले के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.

ध्वजारोहण के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सभी से देश और समाज की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के विश्वास को मजबूत करना भी उतना ही जरूरी है.

समारोह में पुलिस अधीक्षक रांची पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण और अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था धनंजय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया.

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित भी किया गया. उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री, एसएसपी राकेश रंजन, एसपी पारस राणा समेत अन्य अधिकारियों ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए. सम्मान पाने वाले पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों ने कहा कि बेहतर और जिम्मेदारीपूर्ण काम करने वाले कर्मियों का सम्मान दूसरे पुलिसकर्मियों को भी प्रेरित करता है.

इससे पुलिस बल में कार्य के प्रति उत्साह और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है. कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए निरंतर काम करने का संदेश दिया. नवीन पुलिस लाइन में आयोजित समारोह देशभक्ति के माहौल और सम्मान समारोह के साथ संपन्न हुआ.