रांची (RANCHI): रांची नगर निगम पूरे एक्शन में नजर आ रही है. वैसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करेगी जिसने अपना टैक्स या अन्य शुल्क नहीं दिया है. अब अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए बकाया वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाने जा रहा है. बार-बार नोटिस और चेतावनी देने के बाद भी टैक्स या अन्य शुल्क जमा नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ अब कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की भी जवाबदेही तय होगी. महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में हुई नगर निगम परिषद की आपात बैठक में राजस्व संग्रहण की स्थिति की समीक्षा की गई. बैठक में महापौर ने अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने और इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया.
होल्डिंग टैक्स से लेकर पार्किंग शुल्क तक की समीक्षा
बैठक में निगम की आमदनी से जुड़े सभी स्रोतों पर चर्चा हुई. इसमें होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, बाजार और दुकानों का किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क और यूजर चार्ज शामिल रहे. अधिकारियों से पिछले वित्तीय वर्षों की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में हुई वसूली का ब्योरा लिया गया. निर्धारित लक्ष्य और अब तक हुई वास्तविक वसूली के बीच के अंतर पर भी चर्चा की गई. महापौर ने कम राजस्व संग्रहण के कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधित शाखाओं को अपने काम में तेजी लाने को कहा.
उन्होंने कहा कि नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने राजस्व स्रोतों का बेहतर इस्तेमाल करना होगा. सभी शाखाएं तय लक्ष्य के अनुसार वसूली सुनिश्चित करें. जो लोग बार-बार चेतावनी के बाद भी बकाया जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर भी होगी कार्रवाई
महापौर ने राजस्व वसूली में सुस्ती पर नाराजगी जताते हुए कहा कि काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी. जरूरत पड़ने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी होगी. बैठक में राजस्व वसूली की नियमित निगरानी और हर मद की प्रगति की समीक्षा करने पर सहमति बनी. इस दौरान उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षद, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त समेत निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. पार्षदों ने भी निगम की आमदनी बढ़ाने और राजस्व नुकसान रोकने के लिए सुझाव दिए.
