Jharkhand

रांची नगर निगम ने खादगढ़ा बस स्टैंड का टेंडर रोका, जांच के बाद होगा फैसला

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): कांटाटोली खादगढ़ा बस स्टैंड की बंदोबस्ती को लेकर उठे सवालों के बाद रांची नगर निगम ने निविदा प्रक्रिया स्थगित कर दी है. नगर आयुक्त ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है. कमेटी निविदा प्रक्रिया से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर संयुक्त प्रतिवेदन मंतव्य के साथ सौंपेगी. जांच पूरी होने तक बस स्टैंड की विभागीय वसूली करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही, टेंडर का संचालन करने वाली एजेंसी एमएसटीसी से भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा. जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

जांच कमेटी में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक नगर आयुक्त निहारिका तिर्की, सहायक नगर आयुक्त मुकेश रंजन और प्रोग्रामर राजेश कुमार को शामिल किया गया है. कमेटी को खादगढ़ा बस स्टैंड की पूरी निविदा प्रक्रिया की जांच करने का जिम्मा सौंपा गया है. दरअसल, आठ अगस्त को हुई पहली निविदा में बोली 7.50 करोड़ रुपये तक पहुंचने की बात सामने आयी थी. इसके बाद निविदा रद्द कर दी गयी. वहीं, दूसरी बार हुई प्रक्रिया में करीब 3.20 करोड़ रुपये में बंदोबस्ती किये जाने की जानकारी सामने आयी. दोनों निविदाओं की राशि में बड़े अंतर को लेकर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे.

पहली निविदा रद्द होने और दूसरी प्रक्रिया में कम राशि में बंदोबस्ती की बात सामने आने के बाद मेयर रोशनी खलखो ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की थी. इसके बाद नगर निगम ने कमेटी गठित कर जांच का निर्णय लिया. खादगढ़ा बस स्टैंड की निविदा प्रक्रिया में संभावित गड़बड़ी और दोनों बंदोबस्ती की राशि में अंतर को लेकर दैनिक जागरण ने भी लगातार खबरें प्रकाशित की थीं. अब निगम की जांच कमेटी निविदा से जुड़े सभी दस्तावेजों और तथ्यों की पड़ताल करेगी. जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.