Jharkhand

RANCHI: बंद कमरे में दम घुटने से मां और मासूम बेटे की मौत! जानिए पूरा मामला

Diksha Benipuri
Copy Editor
RANCHI: बंद कमरे में दम घुटने से मां और मासूम बेटे की मौत! जानिए पूरा मामला

RANCHI:राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. एक किराए के मकान के कमरे से मां और उसके ढाई साल के बेटे का शव बरामद हुआ, जबकि उसी कमरे में मौजूद दो किशोरियां बेहोश हालत में मिलीं. दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बंद कमरे में जल रहे कोयले के चूल्हे से निकले जहरीले धुएं के कारण यह हादसा हुआ. मृतकों की पहचान 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय बेटे श्रवण कुमार के रूप में हुई है. वहीं 15 वर्षीय चंदा कुमारी और प्राची कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है.

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के महमदा गांव का रहने वाला है. परिवार पिछले करीब ढाई वर्षों से रांची के चटकपुर शांति नगर में किराए के मकान में रह रहा था. पिंकी देवी के पति चंदन साहू का पहले ही निधन हो चुका था. इसके बाद वह एक कपड़ा दुकान में काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं. परिवार में उनके ससुर पंचम साहू टोटो चलाकर और सास मुन्नी देवी मजदूरी करके घर का खर्च चलाते हैं. इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

घटना का पता शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे चला. रोज की तरह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ. कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद स्थानीय लोगों ने छत का एस्बेस्टस हटाकर कमरे के अंदर प्रवेश किया. वहां का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. पिंकी देवी और उनका मासूम बेटा मृत अवस्था में पड़े थे, जबकि दोनों किशोरियां अचेत हालत में थीं. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि बंद कमरे में कोयले के चूल्हे से निकले धुएं के कारण ऑक्सीजन की कमी हुई, जिससे दम घुटने की यह दर्दनाक घटना हुई. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.