Jharkhand

रांची के बड़ा तालाब में नाबालिग की डूबने से मौत, एक दिन पहले वाहन तोड़फोड़ मामले में लिया गया था हिरासत में

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां बड़ा तालाब में डूबने से एक नाबालिग की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि इसी नाबालिग को एक दिन पहले इलाके में खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया था. स्थानीय लोगों के अनुसार, नाबालिग की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह लंबे समय से नशे की लत का शिकार था. घटना की सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार, बुधवार को नाबालिग बड़ा तालाब पहुंचा और अचानक गहरे पानी में छलांग लगा दी. उसे तालाब में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया और स्थानीय गोताखोरों को सूचना दी. गोताखोरों ने तुरंत तालाब में तलाश अभियान शुरू किया. काफी देर तक चली मशक्कत के बाद नाबालिग को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जबकि पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की.

गौरतलब है कि एक दिन पहले हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए थे. इस मामले में पुलिस ने उक्त नाबालिग को हिरासत में लिया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह नशे की गिरफ्त में था. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव और नशे की लत से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.