☰
Jharkhand

रांची: डिस्टलरी पार्क तालाब में डूबा 50 वर्षीय व्यक्ति, NDRF की देरी पर परिजनों का हंगामा, घंटों सड़क रहा जाम

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI):  कोकर डिस्टलरी पार्क स्थित तालाब में सोमवार को करीब 50 वर्षीय व्यक्ति के डूबने की घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. मृतक की पहचान धनेश्वर उरांव के रूप में हुई है. घटना की सूचना के बाद भी NDRF की टीम के समय पर नहीं पहुंचने से नाराज परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध जताया. परिजनों का कहना है कि सूचना दिए जाने के बावजूद NDRF की टीम को पहुंचने में देरी हुई.

नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए धनेश्वर

धनेश्वर उरांव सोमवार सुबह कोकर डिस्टलरी पार्क परिसर में बने तालाब में नहाने के लिए उतरे थे. इसी दौरान वह गहरे पानी की तरफ चले गए और खुद को संभाल नहीं पाए. इसके बाद वह पानी में डूब गए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली. हादसे की खबर मिलने के बाद धनेश्वर के परिजन भी डिस्टलरी पार्क पहुंचे. गोताखोरों के नहीं पहुंचने को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली.

सड़क जाम कर परिजनों ने जताई नाराजगी

गोताखोरों के पहुंचने में हो रही देरी से नाराज परिजनों ने सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण कुछ समय के लिए इलाके में आवागमन प्रभावित हुआ. परिजन जल्द से जल्द धनेश्वर को तालाब से बाहर निकालने की मांग कर रहे थे.

सदर थाना पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. घटनास्थल पर पुलिस की टीम मौजूद है और परिजनों से भी बातचीत की जा रही है. धनेश्वर उरांव किन परिस्थितियों में तालाब के गहरे हिस्से में पहुंचे और घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है.