रांची (RANCHI): लोजपा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के कथित अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपियों को कोलकाता से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भाजपा से जुड़े बताए जा रहे रौनक सिंह राजपूत, प्रकाश गुप्ता, आयुष कुमार, प्रीतम और ज्ञानदीप के रूप में हुई है. पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका और पूरे विवाद की वजह का पता लगाने में जुटी है.
यूनिवर्सिटी के बाहर शुरू हुआ था विवाद
मामला 7 सितंबर का है. जानकारी के मुताबिक, एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास सौरभ कुमार अपने सहपाठियों अमरदीप दुबे, अनमोल और रविशंकर के साथ खड़े थे. इसी दौरान जूनियर छात्र लक्की राज से अमरदीप की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि बहस के बाद लक्की राज ने फोन कर कुछ बाहरी युवकों को मौके पर बुला लिया. कुछ ही देर में दो काले रंग की स्कॉर्पियो से करीब 10 से 12 युवक वहां पहुंचे. इसके बाद सौरभ और उनके साथियों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है.
सौरभ की शिकायत के अनुसार, मौके पर पहुंचे युवकों ने उनके दोस्त अनमोल को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया. इसके बाद आरोपियों ने सौरभ को कथित तौर पर जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया और वहां से लेकर चले गए. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सौरभ ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि चलती गाड़ी में उनका गला दबाने की कोशिश की गई. साथ ही उनका मोबाइल फोन और करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन भी छीन ली गई. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने सौरभ की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ CCTV फुटेज की भी जांच की. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरभ को करीब दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया था. इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास शुरू किया. जांच के क्रम में पुलिस को आरोपियों के कोलकाता में होने की जानकारी मिली. इसके बाद कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को वहां से गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस अब गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ, बाहरी युवकों को किसने बुलाया और सौरभ को कथित तौर पर जबरन गाड़ी में ले जाने के पीछे क्या मकसद था. पुलिस आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. आगे की जांच और पूछताछ के आधार पर इस मामले में और लोगों के नाम सामने आने की संभावना है.
