Jharkhand

BREAKING: JSSC कार्यालय में CID की छापेमारी, सचिव सुधीर गुप्ता से हो रही है पूछताछ

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) कार्यालय में अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की विशेष टीम ने अचानक छापेमारी की है. राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा संचालन को लेकर चल रही जांच के बीच CID की टीम आयोग के कार्यालय पहुंची और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों व डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की.

जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान JSSC के सचिव सुधीर गुप्ता से बंद कमरे में लंबी पूछताछ की गई. टीम ने परीक्षा संचालन, परीक्षा एजेंसी के चयन और हाल में आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कई बिंदुओं पर उनसे सवाल किए. हालांकि, सचिव को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

CID की टीम ने आयोग के अलग-अलग अनुभागों में जाकर रिकॉर्ड खंगाले. इस दौरान परीक्षा से जुड़े कागजात, डिजिटल फाइलें और सर्वर डेटा की जांच की गई. सूत्रों के अनुसार, टीम ने कुछ सीलबंद लिफाफे, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और हाजिरी रजिस्टर भी अपने कब्जे में लिए हैं. जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परीक्षा प्रक्रिया में कहीं नियमों की अनदेखी या किसी तरह की अनियमितता तो नहीं हुई.

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई राज्य में हाल के दिनों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर दर्ज शिकायतों और प्राथमिकियों की जांच के तहत की गई है. अभ्यर्थी लंबे समय से JSSC की परीक्षा व्यवस्था और एजेंसी चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते रहे हैं. इसे लेकर छात्रों का आंदोलन भी जारी है. अब CID की इस कार्रवाई के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है. आने वाले दिनों में पूछताछ और जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच से कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं.