Jharkhand

रांची: कलकत्ता पब्लिक स्कूल में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, 100 से ज्यादा बच्चे बने राधा-कृष्ण

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

रांची (RANCHI): कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी परिसर में कृष्णाष्टमी का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर स्कूल का पूरा परिसर राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों से आकर्षक नजर आया. बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झांकी के साथ उत्सव का माहौल और भी जीवंत कर दिया.

कार्यक्रम के दौरान पालने में विराजमान बाल गोपाल के समक्ष प्री-प्राइमरी कक्षा के 100 से अधिक बच्चों ने राधा और कृष्ण का रूप धारण कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों ने राधा-कृष्ण से जुड़े गीतों पर नृत्य किया और रासलीला की मनमोहक प्रस्तुति से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा. एक साथ कई गोपियों के साथ कृष्ण के रूप में बच्चों का नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा.

स्कूल प्रबंधन ने कहा कि कृष्णाष्टमी भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है. यह केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को भारतीय संस्कार, संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ने का भी माध्यम है. ऐसे आयोजनों के जरिए बच्चों को अपनी परंपराओं और महापुरुषों के आदर्शों को करीब से समझने का अवसर मिलता है.

कार्यक्रम में कलकत्ता पब्लिक स्कूल की प्राचार्या प्रियम्दा झा, निदेशक मिथिलेश कुमार मिश्र के अलावा प्री-प्राइमरी और प्राइमरी कक्षाओं के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

प्राचार्या प्रियम्दा झा ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने श्रीकृष्ण के जीवन में राधा के महत्व और उनके साथ जुड़े प्रेम एवं समर्पण के भाव को भी बच्चों के सामने रखा. कार्यक्रम के अंत में राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों को माखन का भोग कराया गया. इसके बाद मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. मटकी फोड़ के साथ ही कृष्णाष्टमी समारोह का समापन हुआ और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा.