Jharkhand

रांची : खुले तार ने छीनी मासूम की जिंदगी! करंट लगने से बच्चे की दर्दनाक मौत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित पिस्का मोड़ की बैंक कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे हुआ है जहां करंट की चपेट में आने से 13 वर्षीय बच्चे छोटू की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मोहल्ले में शोक का माहौल है.

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे छोटू घर के पास मौजूद था, तभी वह किसी तरह बिजली के खुले तार के संपर्क में आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट का झटका इतना तेज था कि बच्चा मौके पर ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों और परिजनों ने बिना देर किए बच्चे को इलाज के लिए सेवा सदन अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी.

घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बिजली के खुले तारों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है. लोगों का कहना है कि यदि बिजली विभाग समय रहते ऐसे खतरनाक तारों की मरम्मत करता, तो यह हादसा टाला जा सकता था. फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. वहीं मासूम की असमय मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. यह हादसा एक बार फिर बिजली सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.