Jharkhand

रांची: बेहोशी का फायदा उठाकर एयर होस्टेस की छात्रा से दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, फिर.....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में एक नाबालिग छात्रा से जुड़े गंभीर मामले में सदर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. परिजनों के मुताबिक, उनकी 17 वर्षीय बेटी रांची में रहकर पढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान उसकी पहचान रामगढ़ जिले के चितरपुर निवासी 20 वर्षीय सुधांशु पांडे से हुई. आरोप है कि 18 अप्रैल 2026 को आरोपी ने जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर छात्रा को धुर्वा स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया.

शिकायत में कहा गया है कि वहां छात्रा को कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई. आरोप है कि बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया. परिजनों का आरोप है कि जब छात्रा को होश आया और उसने विरोध किया, तब आरोपी ने कथित वीडियो दिखाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी. शिकायत के अनुसार, इसी आधार पर छात्रा को लंबे समय तक डराकर ब्लैकमेल किया जाता रहा.

एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी छात्रा पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा था. पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया. 13 जुलाई को सदर अस्पताल में पीड़िता और आरोपी दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया. इसके बाद पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.