Jharkhand

रांची : दोस्त ने ही प्लास से तांत्रिक के सिर पर किया था वार, संदिग्ध हालात में मिली थी लाश, अब हुआ बड़ा खुलासा

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
रांची : दोस्त ने ही प्लास से तांत्रिक के सिर पर किया था वार, संदिग्ध हालात में मिली थी लाश, अब हुआ बड़ा खुलासा

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र के खोरहाटोली इलाके में एक सनसनीखेज हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी. तांत्रिक का काम करने वाले एक युवक की प्लास से सिर पर कई वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान तपोवन कॉलोनी निवासी रमेश ठाकुर के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में मृतक के चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, रमेश ठाकुर पहले जमीन के कारोबार से जुड़े रहे थे और वर्तमान में तांत्रिक के रूप में काम करते थे. वह रोज की तरह मंगलवार रात अपने घर पर खाना खाने के बाद खोरहाटोली स्थित शंकर ठाकुर के मकान में सोने पहुंचे थे. देर रात वहां उनके कुछ दोस्त भी पहुंचे और सभी ने साथ बैठकर शराब पी. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते खूनी झगड़े में बदल गया.

बुधवार सुबह मकान में रहने वाले किरायेदारों ने रमेश को कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा देखा. उनके सिर से लगातार खून बह रहा था. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना प्लास, शराब की बोतल और अन्य अहम सामान बरामद किया. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने प्लास से सिर पर कई बार वार कर रमेश की हत्या की और मौके से फरार हो गए. पुलिस ने सभी साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है.

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि वारदात के समय कमरे में रमेश के अलावा कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे. इसी आधार पर पुलिस ने मृतक के चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही मकान में रहने वाले किरायेदारों से भी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है. सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे सिर्फ आपसी विवाद था या कोई पुरानी रंजिश अथवा जमीन से जुड़ा मामला भी है, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है. पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.