रांची (RANCHI): राजधानी के कांके रोड स्थित सिद्धो-कान्हू पार्क में रविवार को पुलिस जवान के बेटे पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमलावरों ने पहले पार्क के अंदर युवक के साथ मारपीट की और फिर उसे घसीटते हुए बाहर ले जाकर अपने साथियों के साथ मिलकर बेरहमी से पीटा. इस मामले में गोंदा थाना में 20-25 अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है.
जानकारी के अनुसार, कांके रोड स्थित पुलिस केंद्र के एच-ब्लॉक में रहने वाले पुलिस जवान जगमाल कच्छप ने गोंदा थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि रविवार सुबह करीब 7 से 7:30 बजे उनका बेटा सुभाष कच्छप अपने दोस्त बिट्टू कुमार के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए सिद्धो-कान्हू पार्क गया था. इसी दौरान 4-5 अज्ञात युवक सुभाष के पास पहुंचे, उसका कॉलर पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. जब सुभाष ने हमला करने की वजह पूछी तो युवकों ने आरोप लगाया कि वह उनके एक दोस्त के साथ हुई मारपीट में शामिल था. सुभाष ने इससे इनकार किया, लेकिन इसके बावजूद हमलावर उसकी पिटाई करते रहे.
शिकायत के मुताबिक, हमलावर सुभाष को घसीटते हुए पार्क के मुख्य गेट के बाहर ले आए, जहां पहले से 20-25 युवक मौजूद थे. सभी ने मिलकर उसके साथ जमकर मारपीट की. हमले में सुभाष के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी कई जख्म आए. घटना के दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह सुभाष को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.मामले की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गोंदा थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
