Jharkhand

रामगढ़: हाथियों का आतंक, खेत में काम कर रही महिला को कुचलकर मार डाला, कई लोगों को किया घायल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रामगढ़(RAMGARH): जिले के ग्रामीण इलाकों में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. सोमवार को रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना पंचायत के डाड़ीटुंगरी गांव में हाथियों के झुंड ने एक महिला को कुचलकर मार डाला. मृतका की पहचान 50 वर्षीय भानो देवी, पति फुलेश्वर महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि करीब 15 हाथियों का झुंड, जिसमें दो बच्चे भी शामिल हैं, बघलता की ओर से गांव में पहुंचा था. इसी दौरान भानो देवी अपनी बारी में कृषि कार्य कर रही थीं और उनका सामना हाथियों से हो गया. हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलने से बचते रहे.

महिला की मौत के बाद हाथियों का झुंड बड़कीपोना रेलवे स्टेशन और ईदगाह मैदान की ओर बढ़ गया. इसके बाद हाथी रेलवे ओवरब्रिज के पास झाड़ियों में पहुंच गए और फिर लारी रोड होते हुए मायल स्टेशन की दिशा में चले गए. हाथियों की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग अपने घरों की छतों पर चढ़कर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने लगे. झाड़ियों से हाथियों के बाहर निकलने की हर हलचल के दौरान गांव में कई बार भगदड़ जैसी स्थिति बनती रही. इस दौरान एक महिला और एक पुरुष के घायल होने की भी सूचना है. ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के लगातार गांवों में प्रवेश करने से जान-माल का खतरा बढ़ गया है.

घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना के एसआई संजय कुमार रजक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी. अधिकारियों की टीम ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. बड़कीपोना पंचायत के मुखिया अरविंद सिंह की ओर से लगातार एनाउंसमेंट कर ग्रामीणों से हाथियों के पास नहीं जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है. सुरक्षा को देखते हुए बड़कीपोना स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय को भी बंद करा दिया गया है. ग्रामीणों में हाथियों को लेकर भय का माहौल बना हुआ है.