Jharkhand

राज्यसभा चुनाव: बसों में सवार होकर विधानसभा पहुंचे NDA और इंडिया गठबंधन के विधायक, आज उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
राज्यसभा चुनाव: बसों में सवार होकर विधानसभा पहुंचे NDA और इंडिया गठबंधन के विधायक, आज उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

रांची (RANCHI): झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए शुक्रवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया. मतदान को लेकर राजनीतिक दलों में उत्साह और आत्मविश्वास साफ देखने को मिला. सभी एनडीए और इंडिया गठबंधन के विधायक अपने-अपने ठिकानों से अलग-अलग बसों में सवार होकर झारखंड विधानसभा स्थित मतदान केंद्र पहुंचे. विधानसभा परिसर में प्रवेश के दौरान अधिकांश विधायकों ने विक्ट्री साइन दिखाकर अपनी जीत का दावा भी किया.

मतदान से पहले कांग्रेस और झामुमो समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया. गठबंधन के विधायकों का कहना है कि झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटों पर इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत तय है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन लगातार चुनाव जीतता आया है और इस बार भी जीत का परचम लहराएगा.

वहीं दूसरी ओर भाजपा और एनडीए खेमे में भी उत्साह का माहौल दिखा. भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत को लेकर एनडीए विधायक आश्वस्त नजर आए. विधानसभा पहुंचने के दौरान एनडीए के सभी विधायकों के चेहरे पर आत्मविश्वास और मुस्कान दिखाई दी. कई विधायकों ने मीडिया के सामने विक्ट्री साइन दिखाकर जीत का दावा किया.

बता दें कि झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए इस बार तीन उम्मीदवार मैदान में हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बैद्यनाथ राम, कांग्रेस की ओर से प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नाथवानी चुनाव लड़ रहे हैं. राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 28 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है. वर्तमान संख्या बल के अनुसार इंडिया गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है, जबकि एनडीए के पास 24 विधायक हैं. ऐसे में दोनों सीटों को लेकर राजनीतिक गणित और मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है. अब सभी की निगाहें मतदान प्रक्रिया और उसके परिणाम पर टिकी हुई हैं.

रिपोर्ट : समीर हुसैन